मतदाता सूची में जुडऩे वाले नामों पर कांग्रेस की रहेगी नजर

प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण में जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल होने से छूट गया या फिर एक अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष के हो गए, वे नाम जुड़वा सकते हैं। इसके लिए 10 अक्टूबर तक आवेदन लिए जाएंगे। इसमें जो नाम जुड़ेंगे उन पर कांग्रेस की नजर रहेगी। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने जिला और विधानसभा समितियों को निर्देश दिए हैं कि वे बूथ लेवल एजेंटों को सक्रिय करें ताकि वे यह सुनिश्चित कर सकें कि किसी अपात्र का नाम सूची में शामिल न हो। साथ ही जिनके नाम अपात्र बताकर एसआइआर के दौरान सूची से हटा दिए गए थे, यदि उनके नाम जोड़े जाते हैं तो उसकी अलग से सूची तैयार करवाई जाए। मतदाता सूची को लेकर मचे शोर के बीच भारत निर्वाचन आयोग ने जिन मतदाताओं के नाम सूची में जुडऩे से छूट गए हैं, उन्हें शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके दृष्टिगत प्रदेश में आवेदन लिए जा रहे हैं, जो दस अक्टूबर तक लिए जाएंगे। इसमें एक अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा भी आवेदन कर सकते हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे इस काम को गंभीरता से लें।

Related Articles