
- मप्र को नशामुक्त बनाने के ऐलान के बाद उमा की मांग
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मध्यप्रदेश को नशामुक्त बनाने के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ऐलान के बाद पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने इस अभियान को लेकर बड़ी मांग रखी है। रविवार को उमा भारती ने सोशल मीडिया पर कहा है कि नशामुक्ति का पहला चरण शराब मुक्ति होना चाहिए। उन्होंने मध्यप्रदेश को नशामुक्त बनाने की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि इससे उनके मन की मुराद पूरी हुई और उनके अभियान को सफलता मिली। उमा ने सोशल मीडिया पर लिखे अपने संदेश में कहा कि शराब की लत लगने के बाद व्यक्ति दूसरी नशीली चीजों की ओर बढ़ता है। इसलिए शराब मुक्ति को नशामुक्ति अभियान की शुरुआत का पहला कदम बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को नशामुक्ति का केंद्र बनाने का असर पूरे देश पर पड़ेगा। दरअसल, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने 3 अक्टूबर को भोपाल में मध्यप्रदेश को नशामुक्त बनाने का बड़ा ऐलान किया था। उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर 2029 से पहले मध्यप्रदेश को नशीले पदार्थों से मुक्त किया जाना चाहिए। शाह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए विस्तृत योजना तैयार करने की बात कही थी।
पहले भी शराबबंदी के लिए मोर्चा खोल चुकी हैं पूर्व सीएम उमा
पूर्व सीएम उमा भारती लंबे समय से मध्यप्रदेश में शराबबंदी की मांग करती रही हैं। मार्च 2022 में उन्होंने भोपाल के बरखेड़ा पठानी की शराब दुकान में पहुंचकर पत्थर से शराब की बोतलें तोडक़र विरोध जताया था। इसके बाद सरकार ने 2023-24 की आबकारी नीति में शराब के अहाते बंद करने समेत शराब सेवन को हतोत्साहित करने वाले प्रावधान किए थे।
