
बिच्छू डॉट कॉम। धामनोद की स्थानीय समस्याओं का विवाद अब भाजपा विधायक और केंद्रीय मंत्री के बीच सार्वजनिक बयानबाजी तक पहुंच गया है। धरमपुरी विधायक कालू सिंह ठाकुर ने 9 अक्टूबर से केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर के धामनोद स्थित निवास के बाहर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने का ऐलान किया है। विधायक का कहना है कि नगर की समस्याओं को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार शिकायत के बावजूद समाधान नहीं हुआ। विधायक प्रतिनिधि नीलेश माहेश्वरी ने आंदोलन की पुष्टि की है। केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने विधायक के वायरल संदेश पर कहा कि वे आएंगे तो उनका स्वागत कर चाय-पानी पिलाएंगे। उन्होंने कहा कि वे केंद्र सरकार के काम देखती हैं और स्थानीय नगर परिषद के कार्यों में उनका कोई हस्तक्षेप नहीं है। मंत्री ने कहा कि उन्हें बेवजह इस मामले में घसीटा जा रहा है।
