
बिच्छू डॉट कॉम। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमोदा गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक युवक ने लाठी और पत्थर से हमला कर अपने ही परिवार के चार लोगों नाना संपत सिंह गोंड (75), नानी भन्नी बाई गोंड (70), मां अनूपिया बाई (50) और मामा की बेटी मोनिका की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी ने अपने नाना की आंखें भी फोड़ दीं। पुलिस के अनुसार, वारदात से पहले रात आरोपी ने शनि मंदिर के पुजारी गंगाराम पर भी हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया था, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे रस्सी से बांध दिया था। शनिवार सुबह मां ने जैसे ही उसके हाथ-पैर खोले, उसने घर पहुंचकर तांडव मचा दिया। आरोपी ने जो भी सामने आया, उस पर अंधाधुंध हमला किया। इस हिंसक वारदात में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। करनपठार पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
