
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को जालंधर के परागपुर में हुई नशा मुक्त महारैली में बड़ा एलान किया। शाह ने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनी तो 31 दिसंबर 2029 से पहले पंजाब नशा मुक्त होगा। शाह ने कहा कि आज नशा मुक्त पंजाब बनाने का समय क्यों आया, क्योंकि आप की सरकार ने चिट्टे के व्यापार को खुलेआम चलने दिया। पंजाब के चुनाव में कई मुद्दे हैं। लेकिन आने वाला चुनाव भाजपा केवल और केवल नशा मुक्त पंजाब के मुद्दे पर लड़ने वाली है। आज मैं वादा करके जा रहा हूं कि इस चुनाव में भाजपा का समर्थन कीजिए, दिसंबर 2029 से पहले हम पंजाब को चिट्टे के व्यापार से मुक्त कर देंगे। पंजाब देश में दो चीजों के लिए जाना जाता है। पहला, देश में जब भी खाने-पीने की जरूरत पड़ती थी, तो हमारे गोदामों को पंजाब का किसान भर देता था और आज भी भर देता है। दूसरा, आजादी से पहले का समय हो या आजादी के बाद का, जब भी सुरक्षा की बात आती थी, तो हमारे पंजाब का जवाब हमेशा तैयार रहता था। पंजाबियों के बलिदान से न सिर्फ हमें आजादी मिली, बल्कि आजादी के बाद भी भारत की सीमाओं की रक्षा के लिए पंजाब ने सबसे ज्यादा बलिदान दिया है।
