
- 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 साल की जनसेवा को राजनीतिक-सामाजिक अभियान में बदलने के लिए मप्र भाजपा ने महीनेभर का बड़ा प्लान तैयार किया है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान में भाजपा बूथ से लेकर राज्य स्तर तक संगठन को सक्रिय करेगी। अभियान में सिर्फ कार्यक्रम और सभाएं ही नहीं, बल्कि सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संपर्क, उनके वीडियो, सोशल मीडिया कैंपेन और घर घर दीप प्रज्ज्वलन को भी शामिल किया गया है। भाजपा के अभियान की सबसे खास बात यह है कि इसका पूरा ढांचा बूथ और लाभार्थी केंद्रित रखा गया है। हर बूथ तक पहुंचने के साथ ही सरकारी योजनाओं से जुड़े लोगों को संगठन से जोड़ने और उनकी व्यक्तिगत सफलता की कहानी को फोटो और वीडियो के जरिए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रचारित करने की तैयारी कर रही है। अभियान की शुरुआत आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम से होगी। 17 सितंबर की शाम बूथ कार्यकर्ता लाभार्थियों के घर पहुंचकर दीप प्रज्ज्वलित करेंगे। अभियान में हर बूथ पर नागरिकों और लाभार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। दीप प्रज्ज्वलन के मीडिया पर आशीर्वाद का दीया के साथ साझा किए जाएंगे। मुख्यमंत्री, मंत्री और प्रभावशाली सोशल मीडिया चेहरों को भी अभियान से जोड़ने की योजना है। भाजपा ने संगठन को डिजिटल मोर्चे पर भी लक्ष्य दिया है। हर शक्ति केंद्र से कम से कम 10 वास्तविक लाभार्थी कहानियों की रील तैयार कर सोशल मीडिया पर डालने की योजना है। अभियान के तहत लाभार्थियों की कहानियां जुटाने के लिए राष्ट्रव्यापी प्रतियोगिता भी प्रस्तावित है। पार्टी कार्यकर्ता अपने क्षेत्रों में जाकर लाभार्थियों के छोटे और वास्तविक वीडियो बनाएंगे। इनका जिला और राज्यवार डिजिटल डेटा बैंक तैयार किया जाएगा। योजना के मुताबिक करीब 25 हजार अच्छी कहानियों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इनमें से लगभग 250 सबसे प्रभावशाली कहानियों को प्रोफेशनल तरीके से विकसित कर बड़े स्तर पर प्रचारित किया जाएगा।
सरकार से मांगी जाएगी लाभार्थियों की पूरी सूची
अभियान में संगठन के साथ राज्य सरकार की भूमिका भी तय की गई है। अलग-अलग विभागों को अपनी योजनाओं के लाभार्थियों की सूची तैयार करने को कहा गया है। इसमें किसी एक विभाग या योजना तक सीमित रहने के बजाय विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को शामिल किया जाएगा। कोविड टीकाकरण के लाभार्थियों को भी सूची में शामिल करने की योजना है। भाजपा प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्य और प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं को नमो सेवा गाथा के जरिए गांव-गांव पहुंचाने की भी तैयारी कर रही है। 25 से 30 मिनट की नाट्य प्रस्तुति स्कूल, कॉलेज, पंचायत, सामुदायिक केंद्र और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कराई जाएगी। पूरे अभियान के लिए हर राज्य में स्टेट इंचार्ज और हर जिले में डिस्ट्रिक्ट इंचार्ज नियुक्त किए जाएंगे।
