
बिच्छू डॉट कॉम। श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। नवी मुंबई से आई इंडिगो एयरलाइंस की एक उड़ान को पार्किंग एरिया में ले जाते समय वह विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम पोल से टकरा गई। इस टक्कर से विमान के आगे का हिस्सा टूट गया, लेकिन गनीमत यह रही कि विमान में सवार सभी 200 यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। किसी भी यात्री के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। एयरपोर्ट प्राधिकरण के अनुसार, इंडिगो की उड़ान संख्या 6 ई 225 सुबह 9: 02 बजे श्रीनगर एयरपोर्ट पर उतरी थी। इसके बाद विमान को बे नंबर-6 पर पार्क किया जा रहा था, तभी यह तकनीकी या मानवीय चूक के चलते वीडीजीएस पोल के संपर्क में आ गया। विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के कारण मैनुअल एयरक्राफ्ट सीढिय़ों को लगाया गया, जिनकी मदद से सभी 200 यात्रियों और कू्र मेंबरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
