महाकाल की तर्ज पर टीकमगढ़ में बनेगा कुंडेश्वर लोक

  • उद्योग, रोजगार पर सरकार का विशेष फोकस

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा सरकार औद्योगिक विकास के लिए लगातार काम कर रही है। टीकमगढ़ जिले में औद्योगिक विकास के लिए संसाधनों की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें अवसर में बदलने की है। उन्होंने कहा स्थानीय उद्यमियों के व्यापार और उद्योगों को प्रोत्साहन देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री डॉ यादव आज टीकमगढ़ में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत उद्यमियों से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार औद्योगिक क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा अधोसंरचना विकास सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा झांसी, जतारा, टीकमगढ़ कनेक्टिविटी बेहतर होने से अन्य प्रदेशों से भी जुड़ सकेगा। होटल, होमस्टे बनाएं, इंडस्ट्रियल पार्क स्थापित करें, राज्य सरकार इसके लिए सब्सिडी भी प्रदान कर रही है। इसका लाभ जरूर उठाएं। उन्होंने कहा जिले में धार्मिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, महाकाल लोक की तर्ज पर कुंडेश्वर धाम का विकास कराया जाएगा। टीकमगढ़ जिले में महाकाल की तर्ज पर कुंडेश्वर लोक बनाया जाएगा। धार्मिक पर्यटन को क्षेत्र में बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने टीकमगढ़ जिले में कुंडेश्वर धाम के विकास की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग द्वारा समुचित योजना तैयार कर इस कार्य को पूर्ण किया जाएगा। टीकमगढ़ के पीतल कारीगरों की कला एवं शिल्प को बढ़ावा देंगे। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनविश्वास अभियान के अंतर्गत जिला विकास समिति की बैठक के बाद मीडिया प्रतिनिधियों को जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले के विकास के लिए प्रभावशाली नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई है। इसके आधार पर जिले की आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं के आधार पर विकास कार्य योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य में पहले उद्योग निवेश वर्ष मनाया गया। वर्तमान में किसान कल्याण वर्ष मनाया जा रहा है। सागर में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के बाद कई उद्योगपतियों ने निवेश कर उद्योग स्थापित किए हैं और उत्पादन भी प्रारंभ हो गया है।
सुशासन हमारी प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन हमारी प्राथमिकता है। सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी। नल-जल योजना एवं राशन वितरण सहित सभी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
आंगनवाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने टीकमगढ़ प्रवास के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र तखा का निरीक्षण किया। आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। इस अवसर पर लाडली लक्ष्मी बेटियों, लाडली बहनों और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की हितग्राही दीदियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और राखी बांधी। उन्होंने बच्चों को गुलाब का फूल देकर उन्होंने बच्चों से उनका नाम पूछा और स्नेहपूर्वक सवाल किया आपको खाने में क्या मिलता है? बच्चों ने भी जवाब दिया नाश्ता और खाना। मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से नन्हीं बालिका वैष्णवी को खीर खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार कराया। उन्होंने बच्ची के उज्जवल भविष्य का शुभाशीष दिया।
जिला चिकित्सालय में मरीजों का जाना हाल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने टीकमगढ़ जिले के भ्रमण के दौरान डॉ. राजेंद्र प्रसाद जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने चिकित्सालय भवन में ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर, डॉक्टर चैंबर, लैब के ब्लड सैंपल सेंटर, ट्रामा सेंटर के इमरजेंसी वार्ड सहित अन्य स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने सर्पदंश के मरीज 2 एवं एक्सीडेंट के मरीज से मुलाकात कर उनके परिजनों से उनका हाल जाना। उन्होंने चिकित्सालय के एनआरसी केंद्र का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने एनआरसी केंद्र में भर्ती 19 कुपोषित बच्चों को सेहत की टोकरी वितरित की।

Related Articles