
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के कार्यकाल की पहली प्रदेश कार्यसमिति बैठक 30 और 31 अगस्त को ओरछा में होगी। पार्टी की कमान संभालने के करीब 13 महीने बाद हो रही इस बैठक में संगठन की आगामी रणनीति, राज्यसभा चुनाव में मिली सफलता और दतिया उपचुनाव की कमियों की समीक्षा के साथ आगामी नगरीय निकाय, पंचायत और सहकारिता चुनावों की तैयारियों पर मंथन होगा। पार्टी के जिला और संभाग प्रभारियों की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यसमिति की तारीखों के संकेत दिए। बैठक पहले दतिया उपचुनाव और बाद में विधानसभा के मॉनसून सत्र के कारण टल चुकी है। कार्यसमिति में संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर पर गतिविधियां बढ़ाने, संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण पर चर्चा होगी। साथ ही सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और अगले तीन महीनों के संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी।
