चीन को भारत की दो टूक-अरुणाचल हमारा था, है और रहेगा

चीन की बार-बार नाम बदलने की चालबाजी पर भारत ने करारा प्रहार किया है। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को बीजिंग को दो टूक लहजे में साफ कर दिया कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है, था और हमेशा रहेगा। चीन कितनी भी बेतुकी कोशिशें कर ले, इस ऐतिहासिक और निर्विवाद सच्चाई को दुनिया की कोई ताकत नहीं बदल सकती। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने चीनी गुस्ताखियों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि बीजिंग द्वारा अरुणाचल के इलाकों का नाम बदलने की बचकानी कोशिशें पूरी तरह बेअसर हैं। भारत-चीन सीमा मामलों पर हाल ही में हुई डब्ल्यूएमसीसी की 36वीं बैठक का हवाला देते हुए विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल पर शांति और स्थिरता बनाए रखना ही दोनों देशों के संबंधों का आधार है। चीन की चालबाजी का सीधा जवाब देते हुए भारत ने सर्वे ऑफ इंडिया के आधिकारिक नक्शे पर राज्य की 27 प्रमुख जगहों को उनके आधिकारिक और मानक नामों के साथ चिन्हित किया है। केंद्र के इस कदम से न केवल इन स्थानों का ऐतिहासिक और भौगोलिक महत्व दुनिया के सामने रहेगा, बल्कि चीन के झूठे दावों की हवा भी निकल गई है।

Related Articles