
- सडक़ किनारे लगे पेड़ों की अनदेखी पर सख्ती
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। अब तक घटिया सडक़ निर्माण के मामले में निलंबन और अन्य विभागीय सजा पाने वाले लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों को अब सडक़ों के किनारे लगाए गए पेड़ सूखने या उनकी देखभाल में कमी पर सस्पेंड किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने पेड़ सूखने के मामले में एसडीओ और सब इंजीनियर को सीधा जिम्मेदार मानने का फैसला किया है। लोक निर्माण विभाग ने अब इसके लिए प्रमुख अभियंता (सडक़ और भवन) को इस तरह के मामलों में सख्ती करने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार को लोक निर्माण विभाग मंत्रालय ने इसको लेकर जारी ताजा निर्देश में कहा है कि मार्गों के किनारे लगाए गए पौधों और पेड़ों के संरक्षण एवं रखरखाव में किसी तरह की लापरवाही नहीं होना चाहिए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पौधों के तनों के चारों ओर तय मानक के अनुसार 45 सेंटीमीटर तक मिट्टी, मुरम की मल्चिंग की व्यवस्था की जाए। विभाग के मुताबिक निर्माण कार्यों और मार्गों के निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर इन निर्देशों का समुचित पालन नहीं पाया गया। ऐसे ही एक मामले में भोपाल में एक सब इंजीनियर को सस्पेंड भी किया जा चुका है।
अधिकारियों को दिए गए ये निर्देश
– हर पौधे के तने के चारों ओर तय मानक के अनुसार 45 सेमी तक मिट्टी, मल्चिंग की व्यवस्था की जाए।
– पौधों की नियमित सुरक्षा एवं रखरखाव की लगातार निगरानी की जाए।
– संबंधित अधिकारी स्वयं निरीक्षण कर यह तय करें कि निर्माण एजेंसी या ठेकेदार द्वारा निर्देशों की अनदेखी न की जाए।
– पौधों के संरक्षण में किसी तरह की लापरवाही मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
