सीएस ने अभियान का लिया फीडबैक, कहा- सभी एक जिले में जाने से बचें

अभियान का लिया फीडबैक
  • लोगों को सुनें और उनकी समस्याएं दूर करें

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। जन विश्वास अभियान के तहत जमीनी स्तर पर पहुंचे अधिकारियों से दूसरे ही दिन शनिवार को मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने वर्चुअल बैठक कर फीडबैक लिया। कहा कि अगली बार से सारे अधिकारी एक ही जिले में जाने से बचें, जो जिस भी जिले या संभाग में जा रहे हैं, वहां विभागीय योजनाओं का फीडबैक लें। जनता से संवाद करें, उनकी समस्याओं को सुने, उन्हें हल कराएं। सुशासन के लिए ठोस कदम उठाएं। बैठक में एसीएस, पीएस, सचिव, विभागाध्यक्ष, कमिश्नर व कलेक्टर भी शामिल हुए। बता दें, सरकार ने 7 अगस्त से जन विश्वास अभियान शुरू किया है। पहले दिन सीएम डॉ. मोहन यादव छिंदवाड़ा गए थे, जहां जनता दरबार लगाया। मौके पर कई लोगों की समस्या सुनी और आधा दर्जन से अधिक अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। वर्चुअल बैठक में मुख्यमंत्री के एसीएस नीरज मंडलोई ने अभियान को जनता से जोडऩे पर एक प्रजेटेंशन दिया और बताया कि किस तरह प्रत्येक शुक्रवार काम करना है। मुख्यमंत्री के सचिव सुदाम खाड़े ने भी अभियान के अन्य पहलुओं को साझा किया। इसके अलावा बैठक में अभियान को लेकर सामने आने वाली व्यवहारिक दिक्कतों पर भी चर्चा हुई।
किसी को नियम में नहीं बांधना चाहता: सीएस
बैठक में कुछ कलेक्टरों ने अभियान के तहत उन्हें क्या करना चाहिए, उस पर एक गाइडलाइन की आवश्यकता बताई। इस पर सीएस अशोक बर्णवाल ने कहा, मैं किसी को नियमों से नहीं बांधना चाहता कि जो भोपाल से निर्देश मिले वही करें, बल्कि जनविश्वास नाम से ही स्पष्ट है कि हमें जनता के विश्वास पर खरा उतरना है, इसलिए जिले व क्षेत्र की बेहतरी और सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए उचित कदम उठाएं।

Related Articles