नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को घसीट कर, पीट-पीटकर मार डाला

चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को अनुसूचित जाति की एक नाबालिग के अपहरण एवं दुष्कर्म के आरोपित युवक की ग्रामीणों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस दौरान युवक के माता-पिता के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वे घायल हो गए। नाबालिग और आरोपित युवक अलग-अलग समुदायों से होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। एहतियात के तौर पर पुलिस गांव में कैंप कर रही है। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग के पिता के बयान पर आरोपित युवक के विरुद्ध अपहरण एवं दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, मृतक युवक के पिता ने अभी तक हत्या के संबंध में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया है। आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जाएगा। प्राथमिकी के अनुसार, नाबालिग सोमवार रात शौच के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान सुल्तान अंसारी के पुत्र इमरोज अंसारी पर उसका अपहरण कर दुष्कर्म करने का आरोप है।

Related Articles