भोजशाला को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान, डाक टिकट होगा जारी… प्रस्ताव को मिली मंजूरी

  • केंद्रीय राज्य मंत्री ने की थी मांग

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री की मांग पर केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम सिंधिया ने भोजशाला धार पर स्मारक डाक टिकट जारी करने संबंधी प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। बता दें ठाकुर ने 1 जून को केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखकर ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व से समृद्ध भोजशाला पर स्मारक डाक टिकट जारी करने का आग्रह किया था। इसके साथ ही उन्होंने सिंधिया से प्रत्यक्ष रूप से भेंट कर इस विषय से अवगत करवाया था। विषय की गंभीरता एवं राष्ट्रीय महत्व को देखते हुए केंद्रीय संचार मंत्रालय ने प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है, जिसकी औपचारिक जानकारी 29 जुलाई के पत्र के माध्यम से प्रदान की गई। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री ठाकुर ने कहा कि भोजशाला केवल धार या मध्य प्रदेश की धरोहर नहीं, बल्कि भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत का एक अमूल्य प्रतीक है। इस ऐतिहासिक स्थल पर स्मारक डाक टिकट जारी होने से देश-विदेश में इसकी पहचान और अधिक सशक्त होगी तथा नई पीढ़ी भारतीय संस्कृति, इतिहास और विरासत से जुड़ने के लिए प्रेरित होगी।
सांस्कृतिक पर्यटन को मिलेगा प्रोत्साहन
यह पहल धार जिले सहित पूरे मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय बनेगी। इससे भोजशाला की ऐतिहासिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई प्रतिष्ठा प्राप्त होगी तथा सांस्कृतिक पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आस्था, विरासत और जनभावनाओं से जुड़े प्रत्येक विषय को केंद्र सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और उनके सकारात्मक समाधान के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

Related Articles