
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मैनिट में कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक और युवा देश है। मध्यप्रदेश सरकार हर गली, मोहल्ले, गांव-चौराहे तक नशा मुक्ति के लिए अभियान चलाकर लोगों को समझाइश दे रही है और नशे के अवैध कारोबार में लिप्त अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई भी कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 19 धार्मिक नगरों पर निकाय और पंचायत की सीमा में हमने शराबबंदी लागू कर दी है। शराब की दुकानें हटा दी गईं हैं। अब सडक़ों के किनारे लगी धूम्रपान की दुकानें धीरे-धीरे कम होती जा रही हैं। लेकिन वर्तमान समय में दूसरे प्रकार का नशा बढ़ रहा है। युवाओं को बिगाड़ने के तरह-तरह के सामान आ गए है। हमारी सरकार ने प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार और नशे के सामानों की तस्करी पर सख्ती से नकेल कसने के लिए पड़ोसी राज्यों के साथ मिलकर बेहतर समन्वय स्थापित किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री शाह की अटूट संकल्प शक्ति से हमारा देश नक्सलवाद की समस्या से निजात पा चुका है।
