तन्वी शर्मा सबसे कम उम्र की ताइपे ओपन चैंपियन बनीं

भारतीय युवा शटलर तन्वी शर्मा ने रविवार को इतिहास रच दिया। 17 साल 222 दिन की उम्र में तन्वी ने ताइपे ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट का महिला एकल खिताब अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही वे इस टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बन गईं। तन्वी ने फाइनल मुकाबले में वियतनाम की छठी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी थुय लिन्ह गुयेन को सीधे गेम में 21-16, 21-16 से मात दी। यह तन्वी का पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब है। पंजाब की रहने वाली तन्वी ने यह मुकाबला महज 36 मिनट में अपने नाम किया।  तन्वी ने पहले गेम की शुरुआत शानदार की और 10-2 की बढ़त बना ली। बीच में उनसे कुछ गलतियां हुईं, लेकिन उन्होंने वापसी करते हुए पहला गेम 21-16 से जीत लिया। दूसरे गेम में थुय लिन्ह ने 3-0 की बढ़त बनाई, लेकिन तन्वी ने लगातार अंक लेकर स्कोर 3-3 कर दिया। इसके बाद उन्होंने मैच पर पूरी पकड़ बनाए रखी और 21-16 से गेम जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।

Related Articles