
बिच्छू डॉट कॉम। नीट की परीक्षा को लेकर काकरोच जनता पार्टी के दिल्ली में हुए प्रदर्शन के बाद अब मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने जेन-जी को साधने की कवायद शुरू की है। भाजपा युवा मोर्चा नीट की तैयारी कर रहे छात्रों के घर-घर जाकर संपर्क कर रहा है। छात्रों को नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में सरकार की ओर से की गई कार्रवाई और प्रयासों से अवगत कराया जा रहा है। पेपर लीक मामले में दोषियों पर कार्रवाई, एक निश्चित समय में पुन: परीक्षा आयोजित करने और छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए और बेहतर व्यवस्था करने जैसे तमाम प्रयास जेन-जी को बताए जा रहे हैं। अन्य प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों से भी संवाद कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। छात्रों से फीडबैक लेकर इसकी रिपोर्ट भी बनाई जा रही है। इससे केंद्रीय नेतृत्व को अवगत कराया जाएगा।
