
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
मुख्यमंत्री मोहन यादव देश के सबसे अधिक शिक्षित मुख्यमंत्री हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) और नेशनल इलेक्शन वॉच (एनईडब्ल्यू) की ओर से देश के 28 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों के 31 मुख्यमंत्रियों के चुनावी शपथ पत्रों के विश्लेषण पर जारी रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है।
रिपोर्ट के अनुसार, देश के मौजूदा 31 मुख्यमंत्रियों में केवल तीन के पास पीएचडी (डॉक्टरेट) की डिग्री है। इनमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हैं। हालांकि, शैक्षणिक योग्यता के लिहाज से मोहन यादव सबसे आगे हैं। उनके पास बीएससी, राजनीति विज्ञान में एमए, एलएलबी, एमबीए और पीएचडी की डिग्रियां हैं। वहीं, हिमंत बिस्वा सरमा ने एमए, एलएलबी और पीएचडी की है, जबकि सम्राट चौधरी ने मानद (ऑनरेरी) डॉक्टरेट के साथ अन्य शैक्षणिक योग्यता घोषित की है।
31 में से 9 मुख्यमंत्री पोस्ट ग्रेजुएट
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। रिपोर्ट के अनुसार, देश के मुख्यमंत्रियों की शैक्षणिक स्थिति भी काफी विविध है। 31 में से 9 मुख्यमंत्री पोस्ट ग्रेजुएट हैं, 6 प्रोफेशनल ग्रेजुएट, 7 सामान्य स्नातक, तीन ने 12वीं तक शिक्षा प्राप्त की है, दो मुख्यमंत्री 10 वीं पास हैं और एक मुख्यमंत्री के पास डिप्लोमा की योग्यता है।
