
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ रहा है। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के पांच जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम और रायसेन में अगले 24 घंटे के दौरान चार इंच से अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 10 अन्य जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में रहेगा सबसे ज्यादा असर
भारी बारिश की चेतावनी वाले जिलों में देवास, सीहोर, हरदा, बैतूल, पांढुर्णा, सागर, नरसिंहपुर, दमोह, जबलपुर और छतरपुर शामिल हैं। मौसम विभाग का कहना है कि कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश के ऊपर से गुजर रही मानसूनी द्रोणिका और सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के कारण बारिश का नया दौर शुरू हुआ है। एक अन्य मौसम तंत्र पश्चिमी हिस्से में भी सक्रिय है। ओडिशा, दक्षिण झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर से बढ़ रहा यह सिस्टम मध्य प्रदेश के पूर्वी और मध्य क्षेत्रों में अच्छी बारिश कराएगा। इसके बाद यह धीरे-धीरे कमजोर पड़ते हुए निम्न दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है।
