
- 60 इंजीनियरों ने लिया मुंबई में चार दिनी प्रशिक्षण
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मध्यप्रदेश लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के 60 अभियंताओं ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे में पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण प्राप्त किया। 20 से 24 जुलाई तक आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य अभियंताओं को विश्वस्तरीय तकनीकी ज्ञान, आधुनिक सडक़ निर्माण तकनीकों और गुणवत्ता नियंत्रण की नवीनतम प्रक्रियाओं से जोडऩा था, ताकि प्रदेश में सडक़ एवं सेतु परियोजनाओं की गुणवत्ता और टिकाऊपन में सुधार किया जा सके। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित यह प्रशिक्षण मप्र लोक निर्माण विभाग और आईआईटी 7 बॉम्बे के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत आयोजित किया गया। विभाग का लक्ष्य अभियंताओं की तकनीकी दक्षता बढ़ाकर अधोसंरचना निर्माण को अधिक गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और समयबद्ध बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान अभियंताओं को फील्ड एक्सीक्यूशन, गुणवत्ता नियंत्रण, निर्माण संयंत्रों के संचालन, सडक़ एवं पेवमेंट में आने वाली क्षतियों की पहचान, आरई वॉल, ड्रेनेज सिस्टम, पेवमेंट फेल्योर के कारणों और उनके वैज्ञानिक समाधान से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा प्रतिभागियों ने आईआईटी बॉम्बे की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं का भ्रमण कर विभिन्न परीक्षण प्रक्रियाओं और आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीकों की जानकारी भी प्राप्त की। प्रशिक्षण में शामिल अभियंताओं ने इसे बेहद उपयोगी और व्यवहारिक बताते हुए कहा कि इससे निर्माण कार्यों के दौरान आने वाली तकनीकी चुनौतियों के समाधान के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित हुआ है। उनका मानना है कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का उपयोग प्रदेश की सडक़ और पुल परियोजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में किया जाएगा।
