
- यूपी के अफसरों ने एमपी आकर दिए टिप्स
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। विश्व के सबसे बड़े आध्यात्मिक समागमों में से एक सिंहस्थ-2028 के उज्जैन में होने वाले आयोजन को पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए एमपी पुलिस, प्रयागराज में तैनात रहे पुलिस और रेल अफसरों की मदद लेगी। इसके साथ ही आयोजन में सीसीटीवी, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी), बम डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड, बैरीकेडिंग और एआई की तकनीक का भी उपयोग होगा। शुक्रवार को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में राज्य स्तरीय सेमिनार में इसकी तैयारियां औपचारिक रूप से शुरू हो गईं। इस आयोजन का मकसद सिंहस्थ में तैनात होने वाली पुलिस फोर्स को विशेष रूप से प्रशिक्षित करना था। इस दौरान डीजीपी कैलाश मकवाणा ने कहा कि सिंहस्थ के दौरान एमपी पुलिस की दक्षता और संवेदनशीलता की सबसे बड़ी परीक्षा होगी।
दो चरणों में तैयार हुए 303 मास्टर ट्रेनर्स, अब इनके जिम्मे पूरी फोर्स की ट्रेनिंग
इस आयोजन को संभालने के लिए पीएचक्यू पिछले कई माह से जुटा है। इसके लिए दो चरणों में चलाए गए ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स कार्यक्रम के जरिए पूरे प्रदेश में 303 मास्टर ट्रेनर्स तैयार किए गए हैं, जो अपने-अपने जिलों में हजारों पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण देंगे। डीजीपी ने इस दौरान कहा कि हाल ही में हुई पुलिस भर्तियों से भी फोर्स की तादाद बढ़ी है, जिसे सिंहस्थ में तैनात किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ में हजारों जवानों की ड्यूटी को देखते हुए पुलिस ड्यूटी पोर्टल को अंतिम रूप दे दिया गया है, जिससे हजारों जवानों की ड्यूटी और तैनाती आवश्यकतानुसार लगाई जा सकेगी।
