भाजपा में कार्यसमिति, प्रकोष्ठों की नियुक्तियां एक महीने टलीं

मध्य प्रदेश भाजपा संगठन में कार्यसमिति की पहली बैठक और प्रकोष्ठों की नियुक्ति का मामला अब एक महीने और आगे बढ़ गया है। दतिया में 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव के कारण सत्ता-संगठन के सभी नेता चुनावी रणनीति की जमावट में जुट गए हैं। कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित, प्रकोष्ठ संयोजक और सदस्यों की नियुक्ति फिलहाल टाल दी गई है। सदस्यों की संख्या सीमित रखने का फैसला हुआ है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि 20 से 24 जुलाई तक विधानसभा का मानसून सत्र भी प्रस्तावित है। दतिया में 30 जुलाई को मतदान और चुनाव के नतीजे 3 अगस्त को आएंगे। इसके बाद ही नियुक्तियां और बैठक की नई तारीख तय हो पाएगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पिछले साल 2 जुलाई को पार्टी की कमान संभाली थी। उन्होंने ओरछा में कार्यसमिति की पहली बैठक 18-19 जुलाई तय की थी लेकिन दतिया उपचुनाव के कारण इसे फिलहाल स्थगित कर दिया गया। कार्यसमिति के लिए विशेष आमंत्रित सदस्यों की सूची और करीब आधा दर्जन प्रकोष्ठों में संयोजकों व सदस्यों की नियुक्तियों का ऐलान होना बाकी है।

Related Articles