
भारत में जल्दी ही कागज की बजाय प्लास्टिक के नोट चलने वाले हैं। दावा किया जा रहा है कि आरबीआई ने पॉलीमर नोट को चलन में लाने की तैयारी कर ली है। आरबीआई जल्द ही देश में पॉलीमर नोटों के संचालन का पायलट प्रोजेक्ट शुरू कर करने जा रहा है, जिसके लिए बड़ी तैयारी भी सामने आई है। इस प्रोजेक्ट के तहत आरबीआई की नोट मुद्रण शाखा ने नोट छपाई के लिए ओपेसिफाइड पॉलिमर सब्सट्रेट शीटों (प्लास्टिक नोट बनाने वाले बेस मटीरियल) के लिए एक वैश्विक टेंडर भी जारी कर दिया है। ईओआई के तहत बोली जमा करने के लिए 18 अगस्त तक की लास्ट डेट तय की गई है। पॉलीमर से बने बैंकनोट ट्रेडिशनल कागजी नोटों की तुलना में बहुत ज्यादा टिकाऊ होते हैं। यह नोट पानी, गंदगी और धूल में भी सुरक्षित रहते हैं। इसके अलावा यह नोट आसानी से फटते भी नहीं हैं। इस वजह से ये बाजार में लंबे समय तक बिना फटे और साफ-सुथरे बने रहते हैं। पॉलीमर शीट का सबसे बड़ा फायदा यह भी है कि इसमें एडवांस सेफ्टी फीचर्स को आसानी से जोड़ा जा सकता है। इससे नकली नोट बनाने वाले जालसाजों के लिए इनकी नकल करना लगभग नामुमकिन हो जाता है, जिससे देश का सेफ्टी सिस्टम और मजबूत होगा।
