
भोपाल के चर्चित त्विषा शर्मा मामले में मंगलवार को जिला कोर्ट में सुनवाई होगी। इस मामले में आरोपी रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे, अधिवक्ता समर्थ सिंह को न्यायिक हिरासत से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश किए जाने की संभावना है। जांच एजेंसी सीबीआई इस सुनवाई के दौरान दिल्ली एम्स के मेडिकल बोर्ड द्वारा तैयार की गई दूसरी पोस्टमार्टम की अंतिम फॉरेंसिक रिपोर्ट भी अदालत में पेश कर सकती है। यह रिपोर्ट मामले की जांच में अहम मानी जा रही है। सीबीआई ने 25 मई 2026 को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के निर्देश के बाद इस मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। इसके बाद से एजेंसी फॉरेंसिक साक्ष्य, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी पहलुओं के आधार पर जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली एम्स के पांच सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने अपनी अंतिम रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में सीबीआई को सौंप दी है। रिपोर्ट की एक प्रति हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को भी भेजी गई है। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान घटनास्थल से जुड़े कुछ वैज्ञानिक साक्ष्यों का परीक्षण किया गया है। हालांकि, रिपोर्ट में क्या निष्कर्ष निकाले गए हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
