100 प्रतिशत हमारी होगी दतिया की सीट

दतिया की सीट
  • जीतू पटवारी बड़ा दावा-  भ्रष्टाचार और बदलाव चुनावी मुद्दा

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि दतिया माई की नगरी है और यह कांग्रेस की सीट है। जनता इस बार भी कांग्रेस के साथ खड़ी रहेगी और पार्टी 100 प्रतिशत जीत दर्ज करेगी। पटवारी ने कहा कि दतिया की जनता ने लोकतंत्र का खराब चेहरा देखा है। जिस भावना के साथ यहां परिवर्तन हुआ था, उसी भावना के साथ इस बार भी जनता कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के जीत के दावे और नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने के बाद हुए विरोध पर पटवारी ने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी का अंदरूनी मामला है, उनकी खींचतान है। जनता क्या चाहती है, इसका सर्वे कराइए, जवाब मिल जाएगा।
भ्रष्टाचार और बदलाव होगा चुनावी मुद्दा
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच परिवर्तन, भ्रष्टाचार और भाजपा सरकार की कथित वादाखिलाफी के मुद्दों को लेकर जाएगी। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा का अहंकार रावण से भी बड़ा हो गया है। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस ने सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की सहमति से घनश्याम सिंह को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी पूरी एकजुटता के साथ चुनाव लड़ रही है। जब उनसे पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के साथ होने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, 500 प्रतिशत साथ हैं। उन्होंने कहा कि वह सोमवार सुबह राजेंद्र भारती के घर चाय पीने भी जाएंगे। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता भ्रष्टाचार खत्म करना होगी, ताकि विकास कार्यों का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में क्षेत्र का सामाजिक माहौल भी खराब हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा चुनाव लड़ते तो मुकाबला ज्यादा कठिन होता।
राज्यसभा चुनाव और विजयपुर में सत्ता का दुरुपयोग हुआ
पटवारी ने कहा- ऐसा एक बार नहीं हुआ। मीनाक्षी नटराजन के फॉर्म के मामले में भी ऐसा हुआ। विजयपुर उपचुनाव में हमारे प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा के साथ भी यही हुआ, लेकिन कांग्रेस चुनाव जीती। मध्यप्रदेश की जनता देख रही है कि किस तरह सत्ता का दुरुपयोग हो रहा है। जीतू पटवारी ने कहा- घनश्याम सिंह बहुत विनम्र और सबकी पसंद हैं। टिकट के सभी दावेदारों से सलाह के बाद उन्हें प्रत्याशी बनाया गया। वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की पहली पसंद के रूप में वे सामने आए। वे सर्वसम्मति के उम्मीदवार हैं। हम 100 प्रतिशत नहीं, 500 प्रतिशत दतिया का चुनाव जीतेंगे। आजाद समाज पार्टी के चुनाव लडऩे और बसपा के मैदान में नहीं होने से अनुसूचित जाति वर्ग के वोटों पर असर के सवाल पर पटवारी ने कहा- सभी को चुनाव लडऩे का अधिकार है। लेकिन कांग्रेस चुनाव जीतेगी। जो संविधान, कांग्रेस और देश से प्यार करता है, वह कांग्रेस के साथ रहेगा। समाजवादी पार्टी के समर्थन के सवाल पर पटवारी ने कहा कि उनकी सपा प्रमुख अखिलेश यादव से बात हुई है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव से भी कई बार चर्चा हुई है।
सिंघार बोले- तीन महीने से दतिया पर फोकस, बूथ स्तर तक काम किया
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस को पहले से पता था कि दतिया में चुनाव होना है। पिछले दो-तीन महीने से पार्टी का फोकस दतिया पर था। संगठन, ब्लॉक और बूथ स्तर पर लगातार काम किया गया। कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ चुनाव की तैयारी कर रही है। भाजपा पहले अपना घर देखे। घनश्याम सिंह को प्रत्याशी बनाए जाने पर सिंघार ने कहा कि सर्वे, कार्यकर्ताओं की राय और सभी नेताओं की सहमति के आधार पर टिकट दिया गया। राजेंद्र भारती और अवधेश नायक समेत सभी की सलाह व सहमति से यह फैसला हुआ।

Related Articles