2500 करोड़ से शिवपुरी में बनेगी डिफेंस फैक्ट्री

  • रोजगार व रक्षा उत्पादन को मिलेगी नई ताकत

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मध्य प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में रविवार को शिवपुरी को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री मोहन यादव शिवपुरी में करीब 2,500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक अडानी डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। यह डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग परियोजना प्रदेश में रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में निवेश बढ़ाने के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया अभियान को भी मजबूती देगी। सरकार का मानना है कि इससे मध्य प्रदेश रक्षा निर्माण के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पांच जुलाई दोपहर दो बजे राजकीय विमान द्वारा भोपाल से चलकर ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल महाराजपुरा पर पधारेंगे। कुछ देर रुकने के पश्चात दोपहर दो बजकर 10 मिनट पर हेलीकॉप्टर से शिवपुरी के पोलोग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के लिए रवाना होंगे।
रक्षा उत्पादों का हब बन रहा मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश रक्षा उत्पादों का हब बनने की ओर अग्रसर है। तीन माह पूर्व ही अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के ग्वालियर प्लांट ने भारतीय सेना को 7.62 एमएम की 2,000 प्रहार लाइट मशीन गन की पहली खेप बनाकर डिलीवर की है। अदाणी डिफेंस के अलावा हिंदुस्तान शिपयार्ड, बीईएल और जेबीएम जैसे समूहों ने रुचि दिखाई है। स्टार्टअप और रक्षा उत्पाद की कोई बेहतर तकनीक है तो उसे प्रोत्साहित किया जाएगा। निर्यात के लिए उत्पाद के परीक्षण को सरल किया गया है और इसकी फीस भी घटाई गई है। किसी व्यक्ति के पास किसी नए रक्षा उत्पाद का आइडिया है तो चयन होने पर 25 करोड़ रुपये तक की सहायता प्रोत्साहन बतौर दी जाएगी। आत्मनिर्भर भारत की दिशा में स्वदेशी रक्षा उत्पाद तैयार किए जाने से विदेशी उत्पादों पर निर्भरता कम होगी। भारत में इस वर्ष डेढ़ लाख करोड़ रुपये का रक्षा उत्पादन हुआ और 23 हजार करोड़ रुपये का निर्यात हुआ। आगामी तीन वर्ष में इसे दोगुना करने का लक्ष्य है।
रक्षा क्षेत्र के लिए 2700 हेक्टेयर से अधिक लैंड बैंक
सागर, कटनी, रतलाम, सतना और मुरैना सहित आठ जिलों में रक्षा क्षेत्र के लिए 2700 हेक्टेयर से अधिक लैंड बैंक उपलब्ध है। भौगोलिक स्थिति और सहयोगी इको सिस्टम के कारण मध्य प्रदेश रक्षा उत्पादन के लिए देश में सबसे उपयुक्त स्थान है। धार के पीएम मित्रा पार्क में रक्षा क्षेत्र में निवेश के लिए प्रस्ताव बुलाए गए हैं। सरकार की निवेश नीतियों के तहत डीपीआर बनाकर निवेश करने वालों को इकाई लगाने तुरंत जमीन दी जाएगी।
विकास कार्यों की भी सौगात
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 211.29 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
रोजगार और एमएसएमई को मिलेगा बड़ा लाभ
प्रस्तावित डिफेंस प्लांट से शिवपुरी और आसपास के क्षेत्रों में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने के साथ ही सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को रक्षा उत्पादन की सप्लाई चेन से जुडऩे का अवसर मिलेगा। इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ेंगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

Related Articles