आज मिलेगी 1,554 करोड़ की औद्योगिक सौगात

औद्योगिक सौगात
  • नीमच में बड़ा निवेश: सीएम 38 परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव सोमवार को नीमच जिले को करीब 1,553.98 करोड़ रुपये की औद्योगिक परियोजनाओं की बड़ी सौगात देंगे। वे जिले में 38 औद्योगिक परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इन परियोजनाओं से 3,201 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे और नीमच को प्रदेश के उभरते औद्योगिक केंद्र के रूप में नई पहचान मिलेगी। साथ ही इन परियोजनाओं के शुरू होने से नीमच जिले में औद्योगिक निवेश को नई गति मिलेगी। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
30 नई परियोजनाओं का भूमिपूजन, 8 का होगा लोकार्पण: कार्यक्रम के दौरान 30 नई औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन तथा 8 पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा। इनमें 15 परियोजनाएं मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) तथा 23 परियोजनाएं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई ) विभाग से संबंधित हैं।
एमपीआईडीसी और एमएसएमई परियोजनाओं का योगदान: सरकारी आंकड़ों के अनुसार, एमपीआईडीसी की 15 परियोजनाओं में 1,502.31 करोड़ रुपये का निवेश होगा, जिनसे 2,753 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे। वहीं एमएसएमई विभाग की 23 परियोजनाओं में 51.67 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा, जिससे 448 लोगों को रोजगार मिलेगा। प्रस्तावित परियोजनाओं से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास तथा स्वरोजगार के नए अवसर विकसित होंगे और नीमच के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। यह जानकारी एमपीआईडीसी कार्यालय उज्जैन से प्राप्त हुई है।
सबसे बड़ा निवेश धनुका बायोटेक की परियोजना में
इन परियोजनाओं में सबसे बड़ा निवेश धनुका बायोटेक की सोलर टेम्पर्ड ग्लास निर्माण इकाई में होगा। इस परियोजना पर 1,247.71 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है, जिससे 1,690 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। इसके अलावा प्रमुख परियोजनाओं में बाबजी इंडस्ट्रियल की पॉलिएस्टर स्टेपल फाइबर निर्माण इकाई (81.30 करोड़ रुपये), विश्वेश्वरा डेनिम प्राइवेट लिमिटेड की अपैरल एवं टेक्सटाइल यूनिट (66 करोड़ रुपये) और बिग सी रिन्यूएबल एनर्जी का बायो-सीएनजी प्लांट (61 करोड़ रुपये) भी शामिल हैं।

Related Articles