
तेलंगाना में आय से अधिक संपत्ति के केस में अक्सर पुरुष अधिकारियों की संलिप्तता अधिक देखी गई है। हालांकि, इस बार एक महिला अधिकारी के यहां मिले बेहिसाब धन ने सबको चौंका दिया है। एसीबी ने शमीरपेट की निलंबित तहसीलदार टी. सुचरिता के ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति हासिल करने के केस में नए सिरे से सघन तलाशी अभियान चलाया। रिश्वतखोरी के एक अन्य केस में सुचरिता पहले से ही जांच एजेंसियों की हिरासत में हैं और इसी कड़ी में उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। एसीबी द्वारा की गई छापामारी के दौरान अचल संपत्तियों के साथ-साथ नकद, लग्जरी वाहनों और महंगे आभूषणों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ है। जांच टीम ने सिद्दीपेट जिले के दमरकुंटा गांव में 2.17 एकड़ कृषि भूमि, हैदराबाद शहर में तीन आलीशान फ्लैट और कीसारा व खानमेट गांवों में दो प्लॉट के कागजात जब्त किए हैं। निलंबित तहसीलदार के घर से 12 लाख कैश, 38 लाख रुपए का बैंक बैलेंस और 1.20 करोड़ के सोने और हीरे के आभूषण भी मिले हैं। घर से एक फॉक्सवैगन और एक हुंडई क्रेटा कार भी बरामद की गई है।
