
सामाजिक न्याय से जुड़ी पेंशन (600 से 1000 रुपए) कुछ महीनों से मप्र में नहीं बंट रही है। मुख्य सचिव अनुराग जैन की रिव्यू मीटिंग में जब यह मसला आया तो सामाजिक न्याय विभाग की प्रमुख सचिव सोनाली पोंक्षे वायंगणकर ने कहा- कुछ दिक्कत है, इसलिए तीन माह से पेंशन नहीं बंटी। इस पर मुख्य सचिव ने कहा, आपको दो-तीन माह की सैलरी न मिले तो आपको कैसा लगेगा। यह ठीक नहीं है। जो भी दिक्कत है दूर करें। पेंशन बंटनी चाहिए। अधिकारियों ने बताया कि पेंशन में केंद्र और राज्य दोनों का हिस्सा होता है। केंद्र से मिलने वाला पैसा अभी नहीं आया है, इसीलिए पेंशन नहीं बंटी। बहरहाल, मुख्य सचिव ने कहा, केंद्र सरकार से बात करनी है तो करें और पैसा लाएं।
