
कांग्रेस ने मांग की है कि मध्य प्रदेश और देश के सभी प्रमुख मंदिर ट्रस्टों, मंदिर निर्माण परियोजनाओं तथा धार्मिक संस्थाओं के वित्तीय लेन-देन, निर्माण कार्यों और दान प्रबंधन की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष ऑडिट कराई जाए। जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए ताकि दोषियों पर कार्रवाई हो सके। मप्र कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में आरोप लगाया, भाजपा और उससे जुड़े विभिन्न मंदिर ट्रस्टों द्वारा धर्म, आस्था और सनातन परंपरा के नाम पर जनता की भावनाओं का राजनीतिक दोहन किया गया है। नायक ने कहा, महाकाल लोक, श्रीरामराजा लोक तथा धर्म एवं संस्कृति विभाग द्वारा विभिन्न मंदिरों के जीर्णोद्धार और विकास कार्यों में भारी भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। ओरछा परियोजना में 50 प्रति वर्गफुट की टाइल को 350 प्रति वर्गफुट की दर से खरीदे जाने जैसी शिकायतें सार्वजनिक हुई हैं। राम मंदिर निर्माण को लेकर भी गंभीर प्रश्न खड़े हुए हैं। शिकायतों के बावजूद अब तक कोई स्पष्ट कार्रवाई नहीं हुई।
