यात्रियों की बढ़ेगी मुश्किलें, तीन दिन एयरपोर्ट पर थमेंगे टैक्सी के पहिए

थमेंगे टैक्सी
  • 23 से 25 जून तक एग्रीगेटर कंपनियों के खिलाफ हड़ताल

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। राजधानी में 23 से 25 जून के बीच हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट आने-जाने के लिए अतिरिक्त तैयारी करनी होगी। एग्रीगेटर कंपनियों की नीतियों के विरोध में टैक्सी चालक तीन दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान वे किसी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की बुकिंग स्वीकार नहीं करेंगे, जिससे भोपाल एयरपोर्ट पर टैक्सी सेवाएं प्रभावित रहेंगी और यात्रियों को वैकल्पिक परिवहन का सहारा लेना पड़ सकता है। टैक्सी चालक संघ के महामंत्री राजेशकुमार नागले ने बताया कि इससे पहले 7 फरवरी और 12 जून को बोर्ड ऑफिस चौराहे पर सांकेतिक धरना देकर शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके विरोध में अब तीन दिवसीय आंदोलन का निर्णय लिया गया है। आरोप है कि एग्रीगेटर कंपनियां राज्य सरकार द्वारा निर्धारित किराया लागू नहीं कर रही हैं और ड्राइवरों को तय दर से कम भुगतान किया जा रहा है। उनका कहना है कि किराया बढ़ाना और सरकारी दरों को लागू करना ही समस्या का स्थायी समाधान है।

Related Articles