नामांकन खारिज होने के बाद कांग्रेस ने आयोग के दफ्तर के सामने डाला डेरा

कांग्रेस
  • आज पूरे प्रदेश में कांग्रेस करेगी उपवास

पाल/बिच्छू डॉट कॉम। राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र खारिज होने के बाद कांग्रेस ने चुनाव आयोग के सामने धरना दिया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या की है। जिसका पार्टी पुरजोर विरोध करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की मौजूदगी में कांग्रेस नेता भोपाल के अरेरा हिल्स स्थित चुनाव आयोग के दफ्तर पहुंची और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। यहां पटवारी ने कहा भाजपा ने लोकतंत्र के साथ जो कुकृत्य किया है, उसे पूरा देश देख रहा है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से निर्वाचन प्रक्रिया में कार्यवाही हुई है, उससे कई गंभीर प्रश्न खड़े हुए हैं। रिटर्निंग अफसर और निर्वाचन अधिकारी को निष्पक्षता और कानून के दायरे में कार्य करना चाहिए था, लेकिन जिस तरह की उनकी भूमिका सामने आई है, उससे उनकी निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे है, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस पूरे घटनाक्रम को काला अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मामले में उपलब्ध सभी कानूनी और संवैधानिक विकल्पों का उपयोग करेगी तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि इस घटनाक्रम ने चुनाव आयोग के अस्तित्व पर सवाल खड़े कर दिए है। हम इस अन्याय के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेंगे और न्याय प्राप्त होने तक संघर्ष जारी रखेंगे। इससे पहले पीसीसी में वरिष्ठ अधिवक्ता अजय गुप्ता ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त करने का आदेश पूरी तरह से कानून और स्थापित न्यायिक सिद्धांतों के विपरीत है।

Related Articles