
बिच्छू डॉट कॉम। आईपीएल 2026 के खत्म होते ही भारतीय क्रिकेट में एक बड़े बदलाव की शुरुआत हो गई है। टी20 विश्व कप जिताने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटा दिया गया है और उनकी जगह श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 टीम की कमान सौंपी गई है। वहीं बैटर तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाए जाने की संभावना है। भारतीय टीम का ऐलान शनिवार को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए किया जाएगा। यह फैसला सिर्फ नेतृत्व परिवर्तन नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट की नई सोच का संकेत भी माना जा रहा है। अब नजर इस बात पर होगी कि नई सोच के तहत टीम में किन खिलाडिय़ों को मौका मिलता है। सूर्यकुमार यादव ने भारत को टी20 विश्व कप जिताया था, लेकिन पिछले करीब डेढ़ साल में उनका व्यक्तिगत प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। चोट और फॉर्म दोनों ने उनके खेल को प्रभावित किया। चयनकर्ताओं ने इस बार साफ संकेत दिया है कि वे सिर्फ पिछले रिकॉर्ड के आधार पर फैसले नहीं लेना चाहते। श्रेयस अय्यर पिछले कुछ वर्षों में भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में से एक बनकर उभरे हैं।
