
बिच्छू डॉट कॉम। मध्यप्रदेश भाजपा की कार्यसमिति की लिस्ट एक बार फिर कुछ दिन के लिए टल गई। मई महीने का अंतिम दिन बीतने को है लेकिन संगठन के दिग्गज नेताओं की नामों को लेकर सहमति नहीं बन पा रही। दरअसल, कार्यसमिति का आकार घटाकर 110 से भी कम करने के चलते बड़े नेताओं के समर्थकों को एडजस्ट करना बड़ी चुनौती बन गया है। 30 मई तक भाजपा के प्रशिक्षण महा अभियान की डेडलाइन थी। अब जून महीने में पैंडिंग मामले निपटाने की तैयारी है। प्रदेश में यह पहला मौका है जब प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कार्यसमिति का आकार घटाकर 106 तक लाने के संकेत दिए हैं। केंद्रीय नेतृत्व से भी इसी तरह का मशविरा मिला है। पूर्ववर्ती अध्यक्ष वीडी शर्मा की कार्यसमिति सूची काफी बड़ी थी। उस समय सदस्यों की संख्या 463 तक पहुंच गई थी। उनके पूर्ववर्ती अध्यक्षों के समय भी यह संख्या चार सौ से ज्यादा ही रही है। पार्टी के बड़े नेता, केंद्रीय मंत्री, सांसद और मंत्री-विधायकों से जुड़े ऐसे सीनियर नेता दावेदार के रूप में सामने आए हैं जो पहले भी कार्यसमिति सदस्य रह चुके हैं। अब इन्हें समायोजित करने की चुनौती है।
