
सिंगापुर। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू का शानदार प्रदर्शन जारी है और वह सिंगापुर ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। सिंधू ने गुरुवार को महिला एकल वर्ग के मुकाबले में जापान की रिको गुंजी को 37 मिनट तक चले मुकाबले में 21-9 21-12 हराया और अगले दौर में प्रवेश कर लिया। सिंधू के लिए आगे की राह आसान नहीं होने वाली है क्योंकि उन्हें अंतिम आठ दौर में कोरिया की शीर्ष वरीयता प्राप्त आन सी यंग का सामना करना पड़ेगा।
भारत की चौथी वरीयता प्राप्त पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को हालांकि, क्वार्टर फाइनल में जाने के लिए मेहनत करनी पड़ी। उन्होंने चीनी ताइपे के ली झी हुएई और यांग पो सुआन की जोड़ी को 21-15, 11-21, 21-18 से हराया। सात्विक-चिराग का सामना अब मलयेशिया के खाई जिंग कांग और आरोन ताई की जोड़ी से होगा। ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो की भारतीय मिश्रित युगल जोड़ी भी क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रही। इस जोड़ी ने जापान के युता वातानाबे और माया तागुची को 8-21, 21-17, 21-16 से मात दी। इस भारतीय जोड़ी का सामना अब किम जाए हियोन जांग और हा जियोंग तथा तीसरी वरीयता प्राप्त मलयेशिया की जोड़ी चेन तांग जिए और तोह ईए वेई में से किसी एक से होगा।
