
छह दिन पहले बनी कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के इंस्टाग्राम पर गुरुवार तक 1.34 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए हैं। यह देश की किसी भी राजनीतिक पार्टी से ज्यादा है। इंस्टाग्राम पर कांग्रेस के 1.33 करोड़, भाजपा के 87 लाख, आप के 87 लाख और सीपीआई के 2.35 लाख फॉलोअर्स हैं। सीजेआई सूर्यकांत के कॉकरोच वाले बयान के विरोध में बनी इस पार्टी के एक्स पर भी 1.93 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके थे। हालांकि, एक्स अकाउंट गुरुवार को दोपहर 12 बजे ब्लॉक हो गया। सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा कि जैसी आशंका थी, वैसा ही हुआ। सीजेपी का एक्स अकाउंट भारत में बैन कर दिया गया है। एक्स के मुताबिक उसने भारत में स्थानीय नियमों, कोर्ट के आदेश या कानूनी शिकायत के आधार पर कार्रवाई की है।
