
मीसा बंदी के प्लॉट पर अवैध कब्जा हटाने को लेकर कुछ दिन पहले पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी एसपी अमित कुमार से मिले थे। कार्रवाई नहीं हुई तो वे बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और चेंबर के सामने जमीन पर बैठ गए। जैसे ही पूर्व गृह मंत्री के चेंबर के बाहर जमीन पर बैठने की सूचना पुलिस अधीक्षक अमित कुमार को मिली, वे तुरंत बाहर आए। समझाकर पूर्व गृह मंत्री को जमीन से उठाया और चेंबर में ले गए। मामले में पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कड़ा रुख अपनाते हुए दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव को निर्देशित किया कि वे इस मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज करें। उल्लेखनीय है कि पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी ने चार दिन पूर्व भी इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की थी। उन्होंने पूरे मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए उचित कार्रवाई और पुलिस केस दर्ज करने की मांग की थी, लेकिन कोई ठोस कदम न उठाए जाने से नाराज होकर आखिरकार उन्हें बुधवार को यह कदम उठाना पड़ा।
