हाइब्रिड मोड में कैबिनेट आज, तबादला नीति आ सकती है

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में बुधवार सुबह 11 बजे कैबिनेट बैठक होगी। मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों से दो दिन तक वन-टू-वन मैराथन बैठकों के बाद यह पहली कैबिनेट बैठक हो रही है। इसमें राज्य सरकार प्रदेश की नई तबादला नीति चर्चा के लिए कैबिनेट में लेकर आ सकती है। पिछली दो कैबिनेट बैठकों में तबादलों को लेकर मंत्रियों के बीच अनौपचारिक चर्चा हो चुकी है। सामान्य प्रशासन विभाग नीति का प्रारूप बनाकर सीएम सचिवालय को पहले ही भेज चुका है। इसके अलावा कैबिनेट में महिला बाल विकास, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण, सामाजिक न्याय और सामान्य प्रशासन विभाग से जुड़ी योजनाओं की निरंतरता के प्रस्तावों को मंजूरी दी जाएगी। कैबिनेट बैठक हाइब्रिड मोड में होगी, जो मंत्री भोपाल में हैं वे फिजिकली बैठक में शामिल होंगे। जो मंत्री अपने क्षेत्र में हैं या भोपाल के बाहर हैं वह वर्चुअल बैठक से जुड़ेंगे। सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार को राज्य मंत्रियों का स्वेच्छानुदान 16 हजार रुपए से बढ़ाकर 25 हजार रुपए करने के आदेश जारी कर दिए। पिछली कैबिनेट बैठक में ही राज्य सरकार ने इसकी मंजूरी दी थी।

Related Articles