फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए ब्राजील टीम में नेमार की वापसी

 नेमार

रियो डी जनेरियो। ब्राजील फुटबॉल टीम ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपने स्क्वॉड का एलान कर दिया है, जिसमें सबसे बड़ी खबर स्टार फॉरवर्ड नेमार की वापसी रही। 34 वर्षीय नेमार लगभग ढाई साल बाद राष्ट्रीय टीम में लौटे हैं। उनका आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला 2023 में उरुग्वे के खिलाफ वर्ल्ड कप क्वालीफायर था, जहां उन्हें एंटीरियर क्रूसिएट लिगामेंट (ACL) में गंभीर चोट लगी थी। इसके बाद नेमार लंबे समय तक चोटों से जूझते रहे, लेकिन अपने बचपन के क्लब सैंटोस में वापसी के बाद उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। पिछले साल जनवरी से अब तक नेमार ने 38 मुकाबलों में 17 गोल दागे हैं, जिसने चयनकर्ताओं का भरोसा फिर से जीत लिया। हालांकि, उनकी फिटनेस को लेकर हमेशा संदेह बना रहता है, क्योंकि वह इंजरी प्रोन हैं। यह फुटबॉलर अपना चौथा विश्व कप खेलेगा।

ब्राजील के मैनेजर कार्लो एंसेलोटी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेमार के चयन पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, ‘हमने नेमार को सिर्फ बैकअप के तौर पर नहीं चुना है। वह अपनी खूबियों से टीम में नई ऊर्जा भर सकते हैं। चाहे वह एक मिनट खेलें या पूरे 90 मिनट, हमें उनके खेल की गुणवत्ता पर ध्यान देना होगा।’ उन्होंने आगे कहा, ‘यह जरूरी है कि सारी उम्मीदें सिर्फ एक खिलाड़ी पर न टिकी हों। ट्रेनिंग के आधार पर तय होगा कि वह कितना खेलेंगे, लेकिन वह इस टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं।’

नेमार ब्राजील के इतिहास के सबसे सफल गोल स्कोरर हैं। उन्होंने अब तक 128 इंटरनेशनल मुकाबलों में 79 गोल किए हैं। बार्सिलोना और पेरिस सेंट-जर्मेन जैसे बड़े क्लबों के लिए खेल चुके नेमार अब विनीसियस जूनियर, राफिन्हा और एंड्रिक जैसे युवा खिलाड़ियों के साथ ब्राजील को छठा वर्ल्ड कप खिताब दिलाने की कोशिश करेंगे। ब्राजील अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत 13 जून को न्यू जर्सी में मोरक्को के खिलाफ करेगा। इसके बाद टीम ग्रुप-सी में हैती और स्कॉटलैंड से भिड़ेगी।

Related Articles