
देवास जिले में टोंककला स्थित पटाखा फैक्ट्री हादसे के बाद कमिश्नर, उज्जैन संभाग आशीष सिंह ने शनिवार को टोंकखुर्द एसडीएम एवं प्रभारी डिप्टी कलेक्टर देवास संजीव सक्सेना और नायब तहसीलदार रवि शर्मा, टप्पा चिड़ावद, तहसील टोंकखुर्द को सस्पेंड कर दिया। वहीं, गृह विभाग ने सोनकच्छ एसडीओपी दीपा मांडवे को सस्पेंड कर पुलिस मुख्यालय कर दिया। वहीं एसपी देवास पुनीत गेहलोद ने टोंक खुर्द पुलिस चौकी प्रभारी रमनदीप हुंडल को सस्पेंड कर दिया है। देवास के टोंकखुर्द स्थित पटाखा फैक्ट्री में बीते गुरुवार सुबह हुए भीषण विस्फोट में 6 मजदूरों की मौत हो गई थी। साथ ही 10 मजदूर गंभीर घायल हुए हैं। इस मामले में कमिश्नर पहले ही मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर चुके हैं। वहीं राज्य सरकार ने भी एकल सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग गठित करने के शुक्रवार रात आदेश जारी किए हैं, जिसके अध्यक्ष हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज सुभाष काकड़े होंगे।
