
अबू धाबी/एजेंसी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी 15 मई 2026 को अपनी पांच देशों की महत्वपूर्ण विदेश यात्रा शुरू करने जा रहे हैं। इस यात्रा का सबसे पहला और अहम पड़ाव संयुक्त अरब अमीरात है। पीएम मोदी के इस दौरे को लेकर यूएई में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। वहां की अंतरराष्ट्रीय सहयोग राज्य मंत्री रीम अल हाशिमी ने इस यात्रा से पहले भारत और यूएई के रिश्तों पर बड़ी बात कही है। उन्होंने दोनों देशों के बीच के मानवीय संबंधों को इतना गहरा बताया कि उनके अनुसार हर अमीराती नागरिक का भारत से किसी न किसी रूप में जुड़ाव जरूर मिल जाएगा। यूएई की मंत्री रीम अल हाशिमी ने एक साक्षात्कार में कहा कि भारत और यूएई के संबंध सिर्फ सरकारों के बीच नहीं, बल्कि जनता के बीच हैं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि यदि मैं किसी भी अमीराती से पूछूं, तो आप पाएंगे कि उनका भारत के साथ कोई न कोई संबंध जरूर रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि उनके खुद के परिवार के सदस्य इलाज के लिए अक्सर भारत जाते हैं और वहां की जड़ी-बूटियों और पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान पर बहुत भरोसा करते हैं। मंत्री के अनुसार, चाहे वह कपड़े हों या मसाले, भारत यूएई की जीवनशैली का अहम हिस्सा बन चुका है। मंत्री ने आर्थिक संबंधों पर चर्चा करते हुए बताया कि दोनों देशों की दोस्ती ने अब पहाड़ की चोटी जैसा मुकाम हासिल कर लिया है। उन्होंने बताया कि व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते के बाद दोनों देशों ने 100 अरब डॉलर के व्यापार का शुरुआती लक्ष्य सफलतापूर्वक पार कर लिया है। अब टीम इंडिया और टीम यूएई मिलकर 200 अरब डॉलर के व्यापारिक लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं।
