प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 30 हजार परिवारों से संपर्क करेगी कांग्रेस

कांग्रेस

प्रदेश में कांग्रेस अपने संगठनात्मक सशक्तिकरण के बाद अपना जनाधार बढ़ाने के प्रयास में जुटेगी। इसके लिए घर-घर संपर्क अभियान चलाएगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 30 हजार परिवारों से संपर्क का लक्ष्य रहेगा। इन्हें पार्टी की रीति-नीति से अवगत तो कराया ही जाएगा, सहयोग निधि भी ली जाएगी। प्रति परिवार सौ रुपये सहयोग निधि मांगने की योजना है। प्रदेश कांग्रेस के खाते में यह राशि ऑनलाइन जमा होगी। प्रदेश कांग्रेस के इस अभियान को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से हरी झंडी मिल गई है। अगले माह कार्यक्रम घोषित किया जा सकता है। विधानसभा और लोकसभा चुनाव के बीच कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के पार्टी छोडक़र भाजपा में जाने के कारण कांग्रेस संगठन कमजोर पड़ गया था। इसे नए सिरे से तैयार करने के लिए वर्ष 2025 को संगठन वर्ष के रूप में मनाया गया। संगठन सृजन अभियान चलाकर जिला और ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति की गई। पहली बार पंचायत स्तर पर समितियां बनाई गईं।
संगठन का ढांचा खड़ा करने के बाद अब जनाधार बढ़ाने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। ब्लाक स्तर पर जनसंवाद सम्मेलन करने की योजना बनाई गई है तो प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है।

Related Articles