एमपी की प्रगति में फ्रांस बनेगा मददगार 8 कंपनियों ने भोपाल आकर किए करार

रोपवे-केबल कार से पर्यटन स्थलों का विकास शहरों की प्लानिंग और जलापूर्ति का बदलेगा सिस्टम

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मध्य प्रदेश मैं विकास और निवेश के नए रास्ते खोलने के लिए राजधानी में इंडो-फ्रेंच इन्वेस्टमेंट कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। भोपाल के मिंटो हॉल में आयोजित इस सम्मेलन में 8 प्रमुख फ्रांसीसी कंपनियों ने प्रदेश सरकार के साथ एग्रीमेंट किए हैं, जो अन्य क्षेत्रों में आधुनिक बदलाव लाएंगे। फ्रांस की पोमा रोपवेज नाम की कंपनी अब प्रदेश के शहरों में ट्रैफिक कम करने और पर्यटन स्थलों व तीर्थ स्थलों को जोड़ने के लिए आधुनिक केबल कार और रोप-वे सिस्टम विकसित करेगी। डसॉल्ट सिस्टम्स अपनी खास वर्चुअल ट्विन तकनीक का इस्तेमाल शहरों की प्लानिंग, पानी के मैनेजमेंट और युवाओं को कुशल बनाने में करेगी। टेक्सटाइल सेक्टर में टेस्का टेक्सटाइल्स ने वाहनों की सीट के कंपोनेंट्स के निर्माण के लिए मध्य प्रदेश में फैक्ट्री लगाने का प्रस्ताव दिया है।
किसानों और स्वास्थ्य सेवा पर भी जोर
इस समिट में फ्रांस की खेती-किसानी से जुड़ी कंपनी सोफ्रले जौ की खेती को बढ़ावा देने के लिए कॉन्ट्रैक्ट फ्रार्मिंग का मॉडल लाएगी, जिससे किसानों की आमदनी बढ़ेगी और उन्हें बेहतर स्टोरेज की सुविधा मिलेगी। इसी तरह ऊर्जा के क्षेत्र में इंजी कंपनी सोलर एनर्जी और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे ईंधन पर काम करेगी। फ्रांस की एक अन्य कंपनी सिस्ट्रा परिवहन और इंजीनियरिंग से जुड़ी परियोजनाओं में सरकार को तकनीकी सहयोग देने पर राजी हुई है, जबकि स्वास्थ्य के क्षेत्र में सनोफ्री नाम की कंपनी सरकार के साथ मिलकर मधुमेह और दुर्लभ बीमारियों से लड़ने के लिए ट्रेनिंग और हेल्थ केयर सिस्टम को मजबूत करने का काम करेगी।
एमपी को ग्लोबल हब बनाने की तैयारी
फ्रांस के राजदूत थियरी माथौ की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम में करीब 150 उद्योगपतियों ने भी हिस्सा लिया। इस कॉन्फ्रेंस का मकसद मध्य प्रदेश को भारत-फ्रांस के नवाचार और व्यापार के केंद्र के रूप में स्थापित करना है। इस दौरान एमपीआईडीसी के अफसरों ने बताया कि इन सभी प्रोजेक्ट के जमीन पर उतरने से 2030 तक राज्य में बड़े पैमाने पर औद्योगिक विकास होगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इस दौरान इंडो-फ्रेंच चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की महानिदेशक पायल एस. कंवर ने कहा कि मध्य प्रदेश फ्रांसीसी निवेश के लिए एक उभरता हुआ पावर हाउस है और यह साझेदारी राज्य के साथ-साथ दोनों देशों के रिश्तों को भी नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। कार्यक्रम में प्रदेश के एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप और मुख्य सचिव अनुराग जैन के साथ उद्योग विभाग के पीएस राघवेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।

Related Articles