– सरकार ने एयरलाइंस ऑपरेटरों से प्रपोजल मांगे, एयरपोर्ट तैयार, लेकिन नहीं मिलते अपेक्षित संख्या में यात्री

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
भोपाल से श्रीनगर, चेन्नई हो या देहरादून, एयरपोर्ट अर्थोरिटी किसी भी शहर के लिए उड़ानें संचालित करने के लिए हमेशा तैयार है क्योंकि डेढ़ साल पूर्व ही एयरपोर्ट ने 24 घंटे सेवाएं देना प्रारंभ किया है, लेकिन समस्या यह है कि कोई भी एयर लाइंस यात्रियों की अपेक्षित संख्या नहीं मिलने की वजह से किसी भी शहर के लिए सीधी उड़ान में कोई रुचि नहीं दिखा रही है। वैसे इस बात की संभावना है कि अगले कुछ महीनों में भोपाल एयरपोर्ट से श्रीनगर, चेन्नई, केरल, देहरादून, कोलकाता, जयपुर, चंडीगढ़-जम्मू समेत अन्य बड़े शहरों के लिए प्लेन उड़ सकते हैं। सांसद आलोक शर्मा की मीटिंग के बाद सरकार ने एयरलाइंस ऑपरेटरों से प्रपोजल मांगें हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने राज्य सरकार के एक सुझाव पर इस तरह की जानकारी दी है। जिसमें कहा गया है कि मध्यप्रदेश शासन ने आरएफपी जारी कर शेड्यूल एयरलाइन ऑपरेटरों को भोपाल एवं मध्यप्रदेश के अन्य हवाई अड्डों से प्रमुख घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए सीधी उड़ान सेवाएं प्रारंभ करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
ये सुझाव भी आए
बैठक में हैदराबाद होते हुए चेन्नई, कोलकाता होते हुए बागडोगरा, लखनऊ होते हुए देहरादून, जयपुर होते हुए जम्मू और वाराणसी होते हुए अयोध्या जैसे व्यवहारिक रूट सुझाए आए थे। वहीं, राजा भोज एयरपोर्ट को हेल्दी एयरपोर्ट बनाने के लिए फ्रूट्स बार, पोहा स्टॉल और स्थानीय स्वाद को बढ़ावा देने का सुझाव मिला था।
हम 24 घंटे तैयार
इस बावत एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी से जब चर्चा की गई, तब उनका कहना था कि सुझाव तो समय समय पर आते हैं, और हम 24 घंटे सेवाएं देने को तैयार हैं, परन्तु यात्रियों की अपेक्षित संख्या के अभाव में कोई भी एयरलाइंस कम्पनी घाटे में सीधी उड़ानें प्रारंभ करने में दिलचस्पी नहीं ले सकती। लेकिन संभावना है कि यात्रियों की संख्या बढेगी जिसके बाद अनेक एयरलाइंस आकर्षित होंगी।
आलोक शर्मा प्रयासरत
हाल ही में एयरपोर्ट पर एयरपोर्ट एडवाइजरी कमेटी की बैठक हुई थी। इसमें सांसद एवं कमेटी अध्यक्ष आलोक शर्मा की मौजूदगी में सुविधाओं, यात्री अनुभव, एयर कनेक्टिविटी, स्वच्छता, ट्रैफिक व्यवस्था और भविष्य की आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा की थी। इससे पहले कमेटी के सदस्य मीक ने ऑनलाइन सुझाव मांगे थे, जिसमें काफी शहरों के लिए सुझाव मिले थे। इनमें एयरपोर्ट पर बड़े बैकलिट डिस्प्ले, बेहतर पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, रिक्लाइनर और चेन्नई के लिए नॉन-स्टॉप फ्लाइट का सुझाव भी शामिल हैं। सांसद आलोक शर्मा और एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी को मांगों का पत्र दिया था। कोलकाता, चंडीगढ़, गोवा, श्रीनगर, जम्मू, जयपुर, उदयपुर और चेन्नई के लिए नियमित उड़ानों की मांग रखी। फ्लाइट संख्या, शहरों की कनेक्टिविटी, टर्मिनल विस्तार और मेट्रो कनेक्टिविटी का सुझाव दिया गया था।
इन शहरों के लिए उड़ान संभावित
भोपाल विमानतल सलाहकार समिति के सदस्य मनोज मीक ने बताया राजा भोज एयरपोर्ट सलाहकार समिति की बैठकों में यह सुझाव मिले थे कि भोपाल से चेन्नई, कोलकाता, गोवा, जयपुर, चंडीगढ़, जम्मू, श्रीनगर, देहरादून, केरल और अन्य प्रमुख शहरों के लिए बेहतर उड़ान सेवाएं जरूरी हैं। अब एमपी सरकार ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए वित्तीय प्रोत्साहन देने की पहल की है। इससे एयरलाइंस को भोपाल जैसे संभावनाशील केंद्र से जुड़ने का ठोस आधार मिलेगा।
