
ओडिशा से एक बड़ी ही दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। राज्य के जाजपुर जिले में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक सडक़ हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर बरदा चौक के पास बारातियों से भरी एक बोलेरो गाड़ी सडक़ किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे लोग अंदर ही फंस गए। जानकरी के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। राहत और बचाव टीम ने मौके पर पहुंचकर गैस कटर की मदद से बोलेरो को काटा और करीब 10 लोगों को बाहर निकाला। लेकिन इस हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
