
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद् ने गुरुवार को 2026 की हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा का परिणाम एक साथ जारी किया। परिषद के सचिव भगवती सिंह ने शाम चार बजे प्रयागराज मुख्यालय से प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए नतीजों की घोषणा की। इस साल 10वीं में 90.4 और 12वीं में 80.32 फीसदी छात्र पास हुए हैं। दोनों कक्षाओं इस बार भी लड़कियों ने बाजी मारी है। 12वीं में टॉप-3 में 5 लड़कियां हैं। सीतापुर की शिखा वर्मा ने यूपी टॉप किया है। शिखा ने 97.60 प्रतिशत नंबर हासिल किए हैं। दूसरे नंबर पर नंदनी गुप्ता और श्रिया वर्मा हैं। दोनों के 97.20 फीसदी नंबर हैं। तीसरे स्थान पर भी दो छात्राएं सुरभि यादव और पूजा पाल को 97 फीसदी नंबर मिले हैं। वहीं 10वीं में सीतापुर की कशिश वर्मा और बाराबंकी की अंशिका वर्मा ने यूपी टॉप किया है। दोनों को 97.83 फीसदी अंक मिले हैं। 97.50 फीसदी अंकों के साथ बाराबंकी की अदिति दूसरे स्थान पर रहीं। तीसरे स्थान पर 97.33 फीसदी अंकों के साथ सीतापुर की अर्पिता, झांसी के ऋषभ साहू और बाराबंकी की परी वर्मा रहीं।
