तीसरी सीट का फैसला करेगा दिल्ली दरबार

  • भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में राज्य सभा चुनाव पर हुआ मंथन

गौरव चौहान
मुख्यमंत्री निवास में भाजपा कोर कमेटी की बैठक में छह मुद्दों पर चर्चा हुई। भाजपा के कोर समिति की बैठक में सत्ता संगठन से लेकर नारी सशक्तिकरण को चर्चा हुई। जिसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई, उनमें नारी शक्ति वंदन अधिनियम, राज्यसभा की तीन सीटों पर होने वाले चुनाव, साल 2028 में राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव, किस तरह संगठन और सरकार के बीच तालमेल बनाया जाए, निगम और मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति, मंत्रिमंडल के विस्तार और पार्टी संगठन के आगामी कार्यक्रम शामिल हैं। इस दौरान निर्णय लिया गया कि राज्यसभा की तीसरी सीट यानी कांग्रेस के कब्जे वाली सीट पर भाजपा प्रत्याशी उतारेगी या नहीं यह केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा।  इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिव प्रकाश के अलावा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, व राजेन्द्र शुक्ल, सांसद वीडी शर्मा, मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, राकेश सिंह, और संपतिया उइके, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, अरविंद भदौरिया एवं भाजपा की प्रदेश महामंत्री व सांसद लता वानखेड़े उपस्थित रहीं।
गौरतलब है कि प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों पर चुनाव होना है। इनमें से दो सीटें भाजपा और एक सीट कांग्रेस के पास है। कांग्रेस में जिस तरह के हालात बने हुए हैं उससे भाजपा तीसरी सीट पर भी संभावना तलाश रही है। इस बीच मप्र भाजपा कोर ग्रुप ने तय किया है कि यदि पार्टी हाईकमान का निर्देश होगा, तो मप्र से राज्यसभा की तीसरी सीट पर पार्टी प्रत्याशी उतारेगी। खाली हो रही सीटों पर भी दिल्ली के निर्देश पर नाम तय किए जाएंगे। नेताओं ने कितनी सीटों पर पार्टी प्रत्याशी खड़े करने है, इस पर निर्णय पूरी तरह से दिल्ली पर छोड़ दिया गया। नेताओं ने कहा कि यदि दिल्ली कहेगी, तो तीसरी सीट पर भी प्रत्याशी को मैदान में उतारा जाएगा और उसके बाद ही तय करेंगे कि तीनों उम्मीदवार किस तरह से चुनाव जीतेंगे।
छोटे कार्यकर्ता को मिलेगा ज्यादा महत्व
कोरग्रुप में कहा गया कि  सरकार और संगठन के कामों को भी जमीनी स्तर तक उतारने के लिए पहले से ज्यादा प्रयास किए जाएंगे।  भाजपा के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में एक बार फिर से दोहराया गया कि पार्टी के छोटे कार्यकर्ताओं को ज्यादा से ज्यादा महत्व दिया जाना चाहिए। सरकार के मंत्रियों द्वारा अपने जिलों के प्रवास के दौरान ज्यादा से ज्यादा छोटे कार्यकर्ताओं को समय देना चाहिए।  बैठक में मध्यप्रदेश में यूसीसी लागू करने को लेकर समिति गठन करने और उसे लेकर राज्य में वातावरण निर्मित कराने को लेकर भी नेताओं ने अपनी अपनी राय दी। उन्होंने कहा कि इस काम में पार्टी के छोटे से छोटे कार्यकर्ता को लगाया जाए, जो क्षेत्र में इसकी उपलब्धियों के साथ-साथ विपक्ष द्वारा किए जा रहे गलत प्रचार के बारे में जानकारी देंगे। इसी तरह नारी शक्ति वंदन अधिनियम को जन-जन पहुंचाने के लिए बड़े से लेकर छोटे कार्यकर्ताओं को भी जोडऩे की बात कही गई। कोरग्रुप की बैठक में निगम मंडलों सहित अन्य नियुक्तियों को लेकर चर्चा की गई, जिस पर सीएम ने कहा कि इस पर उनकी ओर से तैयारी पूरी है। उचित समय पर सूची जारी की जाएगी। इसके बाद इस विषय पर ज्यादा चर्चा नहीं हो सकी। बैठक में सरकार के भावी निर्णयों को लेकर भी नेताओं के सामने सीएम ने अपना पक्ष रखा, जिसे सभी से स्वीकार किया। कोर ग्रुप ने पार्टी के स्थापना दिवस कार्यक्रम एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग- 2026 को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि मंडल स्तर पर प्रशिक्षण वर्ग संपन्न हो चुके हैं एवं अब जिले और प्रदेश स्तर पर प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे। बैठक में आमजन के हित में राज्य सरकार द्वारा किए गए कार्यों पर भी बातचीत हुई।

Related Articles