- दतिया उपचुनाव के लिए बिछने लगी चौसर

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
दतिया विधानसभा सीट को लेकर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती का 3 साल की सजा मिलने के साथ ही दतिया में उपचुनाव की संभावना बढ़ गई है। इस संभावना के साथ ही भाजपा नेताओं में मेल-मुलाकात का दौर शुरू हो गया है। इसे उपुचनाव की तैयारी से जोड़कर देखा हा रहा है। पूर्व गृह मंत्री और दतिया से भाजपा के पूर्व विधायक नरोत्तम मिश्रा की सक्रियता बढ़ गई है। हालांकि पिछले चुनाव में उन्हें कांग्रेस के राजेंद्र भारती से हार का सामना करना पड़ा था। अब सीट खाली होने के बाद उनके फिर से चुनाव मैदान में उतरने की चर्चाएं तेज हैं। ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि 2023 में मिली हार के बाद क्या नरोत्तम दतिया उपचुनाव में ताल ठोकेंगे? उधर, कांग्रेस ने भी अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। फिलहाल सभी की नजरें 15 अप्रैल की अगली सुनवाई पर टिकी हैं क्योंकि इसके बाद ही दतिया उपचुनाव की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
मप्र में वर्तमान में जिस तरह के हालात बने हुए हैं उससे दतिया और विजयपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की संभावना बनी हुई है। प्रदेश में बदले राजनीतिक घटनाक्रम के बाद सत्ताधारी दल में हलचल तेज हो गई है। दतिया सीट रिक्त घोषित होने के बाद पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दतिया में सक्रियता बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर उनके समर्थक शेर इज बैक और विन दतिया मिशन हैशटैग के साथ पोस्ट शेयर कर रहे हैं। पिछले एक सप्ताह से हर दूसरे दिन नरोत्तम दतिया पहुंचकर स्थानीय लोगों से मेल-मुलाकात कर रहे हैं। इधर, पूर्व मंत्री रामनिवास रावत ने विस अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से मुलाकात की। दोनों के बीच बंद कमरे में चर्चा हुई। इस मुलाकात को भी श्योपुर जिले की विजयपुर सीट पर संभावित उपचुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, रावत ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया।
नरोत्तम की बढ़ी सक्रियता
पूर्व गृह मंत्री और दतिया से भाजपा के पूर्व विधायक नरोत्तम मिश्रा की सक्रियता बढ़ गई है। दतिया में सक्रियता के साथ ही वे भाजपा के नेताओं से भी लगातार मेल मुलाकात कर रहे हैं। साल 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में हार के बाद वे सक्रिय राजनीति से दूर रहे। अब बैठकों और चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। नरोत्तम मिश्रा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के बीच गत दिवस भोपाल में बंद कमरे में सीक्रेट बैठक हुई। इस बारे में अटकलें लगाई जा रही हैं कि उपचुनाव को लेकर चर्चा हुई होगी। साल 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में दतिया से राजेंद्र भारती को कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी बनाया था। वहीं, भाजपा ने नरोत्तम मिश्रा को मैदान में उतारा था। इस चुनाव में भारती को 88977 और नरोत्तम मिश्रा को 81235 वोट मिले थे। मिश्रा को 7742 वोटों से हार मिली थी।
