भगवान राम से संबंधित स्थलों का दर्शन कराने के लिए 30 मार्च को रवाना होगी भारत गौरव ट्रेन

भगवान राम
  • 17 दिनों में पूरी होगी यह यात्रा…

नई दिल्ली/बिच्छू डॉट कॉम
भगवान श्री राम से संबंधित स्थलों का दर्शन कराने के लिए भारत गौरव डीलक्स एसी पर्यटक ट्रेन 30 मार्च को श्री रामायण यात्रा पर रवाना होगी। रेलवे ने बुधवार को बताया कि प्रसिद्ध रामायण सर्किट ट्रेन यात्रा 30 मार्च को दिल्ली से शुरू होगी। सरकार के देखो अपना देश और एक भारत श्रेष्ठ भारत दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गयी भारत गौरव पर्यटक ट्रेन भगवान श्री राम से जुड़े प्रमुख स्थलों को कवर करेगी। रेलवे ने कहा कि विशेष रूप से डिज़ाइन की गई इस तीर्थयात्रा का उद्देश्य भक्तों को भगवान राम के जीवन और यात्रा से जुड़े प्रमुख स्थलों का भ्रमण करने का एक अनूठा अवसर प्रदान करना है। यह यात्रा 30 मार्च दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन से शुरू होगी और भगवान श्री राम के जीवन से जुड़े प्रमुख स्थानों को कवर करेगी। रेलवे के अनुसार अत्याधुनिक डीलक्स एसी पर्यटक ट्रेन में कई अद्भुत विशेषताएं हैं, जिनमें दो रेस्तरां, एक आधुनिक रसोई, कोचों में शॉवर क्यूबिकल्स, सेंसर आधारित वॉशरूम सुविधाएं और फुट मसाजर शामिल हैं। पूरी तरह से वातानुकूलित ट्रेन में प्रथम एसी, द्वितीय एसी और तृतीय एसी की सुविधाएं हैं। ट्रेन में सुरक्षा की उन्नत विशेषताएं हैं, जिनमें सीसीटीवी कैमरे और प्रत्येक कोच के लिए सुरक्षा गार्ड शामिल हैं। रेलवे ने बताया कि यह यात्रा 17 दिनों में पूरी होगी। इसका पहला गंतव्य अयोध्या है, जहाँ पर्यटक श्री राम जन्मभूमि मंदिर, हनुमान गढ़ी और राम की पैड़ी (सरयू घाट) के दर्शन करेंगे। इसके बाद नंदीग्राम में भरत मंदिर का दर्शन होगा। इसके बाद अगला गंतव्य बिहार में सीतामढ़ी है, जहाँ से पर्यटक सडक़ मार्ग द्वारा सीता जी के जन्मस्थान और जनकपुर (नेपाल) में राम जानकी मंदिर के दर्शन के लिए जाएंगे सीतामढ़ी के बाद, ट्रेन बक्सर के लिए रवाना होगी, जहाँ दर्शनीय स्थलों में रामरेखा घाट और रामेश्वरनाथ मंदिर शामिल होंगे। इसके बाद अगला गंतव्य वाराणसी है, जहाँ पर्यटक काशी विश्वनाथ मंदिर और कॉरिडोर, तुलसी मंदिर, संकट मोचन हनुमान मंदिर के दर्शन करेंगे और गंगा आरती भी देखेंगे।
पर्यटन को बढ़ावा देने शुरू की ट्रेन
भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भारत सरकार की पहल देखो अपना देश और एक भारत श्रेष्ठ भारत के अनुरूप इस विशेष पर्यटक ट्रेन को शुरू किया है। इस ट्रेन में सफर करने के लिए तृतीय एसी के लिए प्रति व्यक्ति 1,14,100 रुपये, द्वितीय एसी के लिए प्रति व्यक्ति 1,51,225 रुपये और प्रथम एसी के लिए 1,64,940 रुपये निर्धारित किये गये हैं।

Related Articles