
- इस साल के अंत तक रिटायर होंगे 14 आईपीएस
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मप्र प्रशासनिक गलियारे के लिए साल 2027 बड़े बदलावों वाला साबित होने वाला है। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि प्रदेश कैडर के 14 आईपीएस अधिकारी इस साल दिसंबर तक सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। इस कारण कई अफसरों को प्रमोशन मिलेगा। ऐसे में संभावना है कि 2027 में सरकार बड़ी प्रशासनिक सर्जरी कर मप्र पुलिस में अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंप सकती है। साल के अंत में डीजीपी कैलाश मकवाणा का भी रिटायरमेंट है, लेकिन सिंहस्थ की तैयारी और आयोजन को देखते हुए उन्हें एक और एक्सटेंशन मिल सकता है। गौरतलब है कि इस साल मार्च के अंतिम दिन से लेकर अक्टूबर के आखिरी दिन तक कुल 14 आईपीएस रिटायर हो जाएंगे। इस माह के अंत में हिमानी खन्ना का रिटायरमेंट है। 2006 बैच की प्रमोटी आईपीएस अधिकारी हिमानी फिलहाल सागर रेंज की आईजी हैं और जेएनपीए की निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रही हैं। इसके बाद अप्रैल माह में सविता सोहाने और जितेंद्र सिंह पंवार की सेवानिवृत्ति होगी। सविता 2009 बैच की प्रमोटी आईपीएस अफसर हैं और फिलहाल शहडोल रेंज में बतौर डीआईजी पदस्थ हैं, जबकि पंवार 2016 बैच के प्रमोटी आईपीएस हैं और भोपाल में बतौर डीसीपी ट्रैफिक पदस्थ हैं। मई माह में 2009 बैच के प्रमोटी आईपीएस महेश चंद्र जैन भी रिटायर हो जाएंगे, जो अभी इंदौर में डीआईजी नारकोटिक्स के तौर पर काम कर रहे हैं।
इनके रिटायरमेंट से बदलेगी तस्वीर: प्रदेश में पुलिस विभाग में उच्च स्तर पर तस्वीर बदली नजर आएगी। जून माह में स्पेशल डीजी टेलीकम्युनिकेशन संजीव शमी शर्मा का रिटायरमेंट है। वे 1993 बैच के सीधी भर्ती के अधिकारी हैं। इसी माह 2004 बैच के प्रमोटी आईपीएस संजय तिवारी भी सेवानिवृत्त होंगे, जो आईजी भोपाल ग्रामीण का पद संभाल रहे हैं। जुलाई में 1991 बैच की सीधी भर्ती के डीजी रैंक के अफसर आलोक रंजन भी रिटायर होंगे, जो फिलहाल प्रतिनियुक्ति पर केंद्र सरकार में एनसीआरबी के डायरेक्टर के तौर पर कार्यरत हैं। जुलाई में ही 2006 बैच के प्रमोटी अरविंद सक्सेना और 2009 बैच के शशिकांत शुक्ला भी रिटायर हो जाएंगे। सक्सेना फिलहाल ग्वालियर रेंज के आईजी हैं, जबकि डीआईजी रैंक के शुक्ला एफएसएल भोपाल के डायरेक्टर हैं। इस साल अगस्त में सबसे अधिक चार आईपीएस का रिटायरमेंट है। 1989 बैच के डीजी रैंक के स्पेशल डीजी एजेके आशुतोष रॉय, 1995 बैच के एडीजी अफसर और पुलिस हाउसिंग के चेयरमैन अजय शर्मा, 1994 बैच के इंटेलिजेंस ए साई मनोहर और 2006 बैच के प्रमोटी आईपीएस और फिलहाल नर्मदापुरम आईजी मिथिलेश शुक्ला अगस्त में सेवानिवृत्त होंगे। इसके बाद अक्टूबर में सोनाली मिश्रा का रिटायरमेंट है। वे भी एडीजी स्तर की अधिकारी हैं और रेल सुरक्षा बल में प्रतिनियुक्ति पर महानिदेशक के पद पर तैनात हैं। इनमें से अजय शर्मा का नाम फिलहाल केंद्र की एक एजेंसी में प्रतिनियुक्ति के लिए चर्चाओं में है और उनकी नियुक्ति हो जाएगी तो उन्हें दो साल तक का एक्सटेंशन मिल सकता है।
राजाबाबू और गुप्ता बनेंगे स्पेशल डीजी
इस साल के अंत तक स्पेशल डीजी के पद पर 1994 बैच के एडीजी ट्रेनिंग राजा बाबू सिंह और डीपी गुप्ता का स्पेशल डीजी बनना तय है, क्योंकि उनके बैच के बाकी अधिकारी स्पेशल डीजी बन चुके हैं। इसके साथ ही इस साल 2012 बैच के 3 आईपीएस अफसरों को डीआईजी बनने का मौका मिल सकता है। इस साल की शुरुआत में दो आईपीएस अफसर रिटायर हो चुके हैं। जनवरी में जहां बड़वानी एसपी के पद पर पदस्थ 2012 बैच के प्रमोटी आईपीएस जगदीश डाबर रिटायर हो गए थे, वहीं फरवरी में आईजी लॉ एंड ऑर्डर का पद संभाल रहे 2006 बैच के प्रमोटी अधिकारी अंशुमान सिंह रिटायर हो गए हैं।
